पतरघट ओपी, सहरसा
– फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
बिहार के सहरसा जिले के एक गांव में शनिवार 27 मई की सुबह एक शख्स को एक लाख रुपये की रंगदारी नहीं देना मंहगा पड़ गया। उसे गांव में ही रहने वाले दो लोगों ने रॉड से पीटकर बुरी तरह से घायल कर दिया। आनन-फानन में परिजनों ने उसे गंभीर हालत में निजी क्लिनिक में भर्ती करवाया। जहां उसकी स्थिति बेहद नाजुक बताई जा रही है। वहीं, पुलिस जांच में जुट गई है। यह घटना सहरसा जिले के पतरघट ओपी क्षेत्र के कपसिया गांव वार्ड नं 11 की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, घायल व्यक्ति का नाम सतीश कुमार सिंह है जो पतरघट ओपी क्षेत्र के कपसिया गांव का रहने वाला है। घायल सतीश कुमार सिंह की पत्नी समिति की पत्नी है। आरोप है कि गांव के ही रहने वाले अजय कुमार सिंह और विजय कुमार सिंह बार-बार सतीश कुमार सिंह से रंगदारी के तौर पर एक लाख रुपये की मांग करते थे। साथ ही रंगदारी न देने पर जान से मारने की धमकी भी दे रहे थे। शनिवार की सुबह सतीश कुमार सिंह घर से दूध लेने के लिए जा रहा था। उसी समय अजय कुमार सिंह और विजय कुमार सिंह दोनों ने मिलकर रॉड से उसके सिर पर मारकर बुरी तरह से घायल कर दिया। सतीश कुमार सिंह अब निजी अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।
अस्पताल में भर्ती घायल सतीश कुमार सिंह
घायल सतीश कुमार की पत्नी आशा देवी ने कहा कि वह पंचायत समिति की सदस्य है। उन्होंने कहा कि हमारे पति से रंगदारी मांगी जा रही थी। दो लोग कह रहे थे कि जो पंचायत में बहुत योजना चला रहा है, हमको भी काम दो। जब हमारे पति ने काम नहीं दिया तो आज शनिवार को रॉड से मारकर बुरी तरह से घायल कर दिया। उन्होंने ये भी बताया कि एक लाख की रंगदारी भी मांग रहे थे। आज सुबह पति चाय पीकर दूध लेने जा रहे थे। उसी दौरान अजय सिंह और विजय सिंह दोनों ने मिलकर रॉड से मारकर उसे घायल कर दिया। वह दोनों शराब कारोबारी हैं।
ग्रामीण सुजीत कुमार ने बताया कि अजय सिंह और विजय सिंह दोनों भाई हैं। इन दोनों भाई पर बहुत केस हैं। ये लोग हमेशा दूसरे लोगों से खुन्नस खोजते रहते हैं लड़ाई करने को लेकर। गाली-गलौज भी करते रहते हैं। घायल व्यक्ति मेरा भाई लगता है और इनकी पत्नी पंचायत समिति की सदस्य हैं। इनसे बार-बार रंगदारी मांगते रहते थे। रंगदारी देने में मेरा भाई सक्षम नहीं था। आज सबेरे जब मेरा भाई दूध लेने जा रहा था। उसी दौरान अजय सिंह और विजय सिंह दोनों ने मिलकर रॉड से मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया।
इस मामले को लेकर पतरघट ओपी के प्रभारी ज्ञानेंद्र कुमार ज्ञानू ने बताया कि मारपीट की घटना की सूचना मिली थी। स्थानीय लोगों के द्वारा दोनों भाई अजय सिंह और विजय सिंह को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। दोनों के पास से पिस्तौल और गोली भी बरामद की गई है। आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है।